By: Ravindra Singh
Weather : देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहाँ एक ओर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत समेत देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण भारत और पूर्वी राज्यों में बारिश का अनुमान
Weather मौसम विभाग के अनुसार, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी राजस्थान में भी 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों—नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है। बिहार और झारखंड में भी आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और ठंड की दस्तक
Weather पर्वतीय राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है। जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी हुई है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित रोहतांग दर्रे, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचे शिखरों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 13 अक्टूबर तक पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम
Weather राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहाँ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। दिन के समय 18 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा।
One thought on “Weather: देश के कई राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी; 50 किमी की गति से चलेंगी तेज हवाएं”