By: Ravindra Singh
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक बंदी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद फरार हो गया। घटना के समय सुरक्षा में तैनात जवानों के सोते रहने की बात सामने आई है। मामले में एसपी धर्मराज मीणा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
फरार बंदी की पहचान पंजाब निवासी जसवीर सिंह बग्घा के रूप में हुई है। वह 232 किलो डोडा-चूरा की तस्करी के आरोप में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य खराब होने और लगातार दस्त की शिकायत के बाद उसे इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उसने कैदी वार्ड की कुंडी खोलकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली।
2 नवंबर को तस्करी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जसवीर सिंह बग्घा पुत्र मंगल सिंह को नूराबाद पुलिस ने 2 नवंबर को गिरफ्तार किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने टेकरी स्थित फायरिंग रेंज के पास कार्रवाई की थी।
जांच में सामने आया था कि आरोपी शिवपुरी से अपनी XUV-500 कार में 232 किलो डोडा-चूरा लेकर आगरा की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद 5 नवंबर को उसे जेल भेज दिया गया।
तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में कराया गया था भर्ती
जेलर एसके शर्मा के मुताबिक, जेल में आने के बाद से ही जसवीर सिंह को बार-बार दस्त की शिकायत हो रही थी। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ने पर 6 नवंबर की रात करीब 10 बजे उसे उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल भेजा गया था।
अस्पताल में उसे कैदी वार्ड में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा था। इसी बीच रात के समय वह वार्ड की कुंडी खोलकर वहां से भाग निकला। घटना के वक्त निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिसकर्मी सो रहे थे, जिसके कारण उन्हें बंदी के फरार होने की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी।
लापरवाही पर एसपी ने पांच जवानों को किया सस्पेंड
बंदी के अस्पताल से भागने की घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी धर्मराज मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक राम भरोषी, आरक्षक विक्रम भदौरिया, आरक्षक सत्यवीर, आरक्षक वीरेंद्र और आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया शामिल हैं।
फरार बंदी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। बंदी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल के कैदी वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवानों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
One thought on “मुरैना जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी फरार, ड्यूटी में लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मी निलंबित”