शराब के लिए पैसे नहीं देने पर CMHO कार्यालय के अकाउंटेंट से मारपीट, जान से मारने की धमकी

Datia

By: Ravindra Singh

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया में शराब के लिए पैसे देने से इनकार करने पर एक युवक द्वारा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में 29वीं बटालियन के पास की बताई जा रही है। हमले में घायल कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

29वीं बटालियन के पास हुई मारपीट की घटना

जानकारी के मुताबिक, गहोई कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय अजय गुप्ता (डेम), पिता सुभाष चंद्र गुप्ता के साथ नरेंद्र साहू निवासी चुनगर फाटक ने कथित तौर पर मारपीट की। आरोप है कि नरेंद्र ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

CMHO कार्यालय में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं अजय गुप्ता

पीड़ित अजय गुप्ता स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में अकाउंटेंट के पद पर पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि मारपीट की इस घटना में उन्हें काफी गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी अजय गुप्ता के साथ मारपीट की घटना हो चुकी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला

घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी नरेंद्र साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Also Read: स्वामित्व योजना में लापरवाही पर पटवारी रचना मौर्य के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *