बुधनी। रेहटी वन परिक्षेत्र की टीम ने सागौन लकड़ी की कथित तस्करी के मामले में एक आरोपी को पीछा कर गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध वाहन को बायां नाका पर रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक नाका तोड़कर भागने लगा। वन अमले ने पीछा करते हुए आंवली घाट पुल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
नाका तोड़कर भागा संदिग्ध वाहन
वन विभाग की टीम को एक संदिग्ध वाहन के जरिए सागौन लकड़ी ले जाने की सूचना मिली थी। वाहन क्रमांक MP 05 LA 1593 को बायां नाका पर रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि चालक ने वाहन रोकने के बजाय नाका तोड़कर भागने की कोशिश की। इसके बाद वन अमले ने तत्काल पीछा शुरू कर दिया।
वाहन से 10 नग सागौन की लकड़ी बरामद
पीछा करते हुए वन विभाग की टीम ने आंवली घाट पुल के पास वाहन की घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन से सागौन की 10 नग इमारती लकड़ी बरामद होने की बात सामने आई। पकड़े गए आरोपी की पहचान भूपेंद्र कुमार बरेले, निवासी रसुलिया, नर्मदापुरम के रूप में हुई है।
वन विभाग के अनुसार जब्त सागौन लकड़ी और वाहन की अनुमानित कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये है।
वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई में बीट गार्ड नवीन कुमार सिंह के साथ सुरक्षा श्रमिक मंगल सिंह, महेश किर, शेरनी सिंह और भगवान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने जब्त लकड़ी और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।