अनूपपुर। जिला मुख्यालय स्थित आशीर्वाद अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान चिकित्सक की अनुपस्थिति में गंभीर मरीजों का उपचार किए जाने समेत कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया।
महिला की मौत के बाद अस्पताल पहुंची जांच टीम
जानकारी के मुताबिक छील्पा निवासी फुलमत चौधरी की दो दिन पहले आशीर्वाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि महिला की हालत गंभीर होने के बावजूद उसे चिकित्सक की मौजूदगी के बिना अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा था।
गंभीर मरीज बिना डॉक्टर के मिले
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कुल चार मरीज भर्ती पाए गए। इनमें दो मरीजों की हालत गंभीर थी और वे चिकित्सक की अनुपस्थिति में उपचाररत थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं, सामान्य बीमारी से पीड़ित दो मरीजों को चिकित्सकीय सलाह के बाद घर भेज दिया गया।
मानकों का पालन नहीं मिला, अस्पताल सील
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की व्यवस्थाओं के साथ उपचार से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान निर्धारित चिकित्सकीय मानकों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील करने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ. अलका तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और पुलिस बल मौजूद रहा। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पतालों में मरीजों के उपचार और चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।