भितरवार में कब्र को लेकर विवाद, मासूम बच्ची का शव घर के बाहर फेंकने का आरोप; सड़क पर लगाया जाम

3 महीने की बच्ची की मौत के बाद नदी किनारे किया था अंतिम संस्कार

ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। करहिया थाना क्षेत्र के चैतगांव के मुंशी का पुरा में बीरबल बंजारा की तीन माह की बेटी की रविवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने बच्ची के शव को भीमवाड़ा नदी के किनारे दफना दिया था।

जमीन को लेकर विवाद, कब्र खोदकर शव घर के बाहर रखने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि जमीन को लेकर विवाद के चलते गुर्जर समाज के पप्पू गुर्जर, राजेंद्र और रामनिवास ने बच्ची को दफनाने का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद कब्र खोदकर मासूम का शव निकाल लिया गया और उसे बंजारा परिवार के घर के दरवाजे के बाहर रख दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

शव सड़क पर रखकर लगाया जाम, पुलिस ने दूसरी जगह कराया अंतिम संस्कार

घटना से नाराज बंजारा परिवार और अन्य लोगों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की भी जानकारी सामने आई है। सूचना मिलने पर करहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए सड़क से जाम हटवाया। पुलिस की मौजूदगी में बच्ची के शव को दूसरी जगह दफन कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *