सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन CEO शोभित त्रिपाठी गिरफ्तार, विवाह सहायता योजना में कथित फर्जीवाड़े का मामला

विदिशा/भोपाल। सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन CEO शोभित त्रिपाठी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के भोपाल जोनल ऑफिस ने कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गिरफ्तार किया है। यह मामला मनरेगा से नहीं, बल्कि ₹51 हजार विवाह सहायता योजना में कथित फर्जीवाड़े से जुड़ा बताया जा रहा है। ED ने 2 सितंबर को यह गिरफ्तारी की।

₹30.18 करोड़ की संदिग्ध राशि का मामला

जांच के मुताबिक योजना के तहत कथित तौर पर फर्जी आवेदन और लाभार्थियों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सरकारी सहायता हासिल की गई। जांच एजेंसी के अनुसार इस प्रक्रिया में करीब ₹30.18 करोड़ की संदिग्ध राशि स्वीकृत और वितरित की गई। मामले में योजना के लाभार्थियों और दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी की भी जांच की जा रही है।

PMLA के तहत हुई गिरफ्तारी

ED ने शोभित त्रिपाठी को PMLA की धारा 19(1) के तहत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें भोपाल की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने 9 सितंबर तक ED कस्टडी मंजूर की है। एजेंसी अब कथित फर्जीवाड़े से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

ED की जांच जारी, कई पहलुओं पर फोकस

विवाह सहायता योजना में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान ED यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी आवेदन कैसे तैयार किए गए और संदिग्ध राशि किन लोगों तक पहुंची। जांच एजेंसी योजना से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे और जानकारी सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *