ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र में लक्कड़खाने पुल के पास पंडाल लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
ऑटो हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, जिस जगह पंडाल लगाया जाना था, वहां पहले से एक ऑटो खड़ा था। ऑटो हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई।
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
दोनों पक्षों पर क्रॉस मुकदमा दर्ज
घटना के बाद माधौगंज थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।