भूगैचा ग्राम पंचायत में मनरेगा में गड़बड़ी के आरोप, सचिव और पंचायत मित्र पर उठे सवाल

बिना मेड़बंदी और समतलीकरण के सरकारी धन निकालने का आरोप

हमीरपुर। मुस्करा विकासखंड के भूगैचा गांव की ग्राम पंचायत में मनरेगा के कार्यों को लेकर गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। ग्राम पंचायत सचिव और पंचायत मित्र पर करीब 15 लाख रुपये के कथित गबन का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि मेड़बंदी और समतलीकरण का काम कराए बिना ही फर्जी तरीके से सरकारी धन निकाल लिया गया।

जांच से पहले जेसीबी चलवाने का आरोप, फसलें हुईं बर्बाद

मामले को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि जांच से पहले साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से संबंधित स्थानों पर जेसीबी चलवाई गई। ग्रामीणों के मुताबिक, जेसीबी से खेतों में काम कराए जाने के दौरान किसानों की फसलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे प्रभावित किसानों में नाराजगी बताई जा रही है।

सोशल ऑडिट में धांधली का दावा, डीएम से जांच की मांग

ग्रामीणों का दावा है कि 10 सितंबर को हुए सोशल ऑडिट के दौरान मनरेगा कार्यों में कथित धांधली का खुलासा हुआ था। बताया गया कि ग्राम प्रधान भगवती देवी ने इस संबंध में शिकायत भी की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त फसलों के लिए किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग भी उठाई है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *