हरदा में 7.60 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कार समेत 11.60 लाख का माल जब्त

हरदा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 38.15 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 7 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी जब्त कर ली है। जब्त किए गए कुल मशरूके की कीमत लगभग 11 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।

संदिग्ध कार को घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हरदा खुर्द स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास छोटी हरदा अंडरब्रिज से हंडिया की ओर से एक संदिग्ध कार आ रही है।

पुलिस टीम ने वाहन की निगरानी शुरू की। पुलिस को देखकर चालक ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

कार की तलाशी में मिली एमडी ड्रग्स

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट के बीच छिपाकर रखी गई 38.15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने चालक आदर्श राजपूत, शाहफैजल उर्फ सानू और रामभरोस उर्फ राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अवैध नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिविल लाइन थाना पुलिस ने हंडिया रोड की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार से 38.15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है।

उन्होंने बताया कि बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 7 लाख 60 हजार रुपये है, जबकि कार समेत कुल 11 लाख 60 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *