Rewa: आयुष्मान अस्पताल पर अंतरिम रोक, निरीक्षण में मिलीं कई खामियां

Rewa

By: Ravindra Singh

Rewa : जिले के नए बस स्टैंड के पास बाणसागर रोड पर संचालित आयुष्मान अस्पताल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। 23 सितंबर की रात प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। जांच में सामने आई व्यवस्थागत और रिकॉर्ड संबंधी कमियों के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने अस्पताल के संचालन पर आगामी आदेश तक अंतरिम रोक लगा दी है।

औचक जांच में रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं की पड़ताल

Rewa प्रशासनिक टीम ने अस्पताल पहुंचकर दस्तावेज, चिकित्सा स्टाफ और मरीजों से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान अस्पताल में कई स्तरों पर कमियां सामने आईं।

जांच में यह भी पाया गया कि अस्पताल के पैरामेडिकल स्टाफ में हुए बदलाव की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में अपडेट नहीं की गई थी। इसके अलावा वर्ष 2024 से अब तक अस्पताल में हुई मरीजों की मौतों की सूचना विभाग को नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई।

100 बेड के हिसाब से नहीं मिला पर्याप्त स्टाफ

Rewa अस्पताल में करीब 100 बेड की सुविधा है। निरीक्षण के दौरान इस क्षमता के अनुरूप पर्याप्त चिकित्सा और पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग ने इसे अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़ी गंभीर कमी माना है।

सरकारी सेवा में तैनात डॉक्टर इलाज करते मिले

Rewa निरीक्षण के दौरान डॉ. केडी सिंह और एक बीएचएमएस डॉक्टर मरीजों का इलाज करते मिले। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डॉ. केडी सिंह सरकारी सेवा में पदस्थ हैं और उन्हें सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना अस्पताल में मरीजों का उपचार करते पाया गया।

विभाग को डॉ. केडी सिंह के संबंध में अनैतिक और असामाजिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायत भी मिली थी। आदेश के मुताबिक जांच में यह शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई है। हालांकि, इस मामले में अंतिम निर्णय संबंधित पक्ष के जवाब और आगे की जांच के बाद लिया जाएगा।

अस्पताल संचालन पर लगाई गई अंतरिम रोक

Rewa जांच के बाद CMHO डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने 24 सितंबर को अस्पताल संचालक डॉ. प्रियंका सिंह के नाम आदेश जारी किया। इसमें आयुष्मान अस्पताल के संचालन पर आगामी आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवधि में अस्पताल में नए मरीजों को भर्ती या उपचार के लिए नहीं लिया जाएगा। वहीं, पहले से भर्ती मरीजों की स्थिति को देखते हुए उन्हें अन्य सक्षम स्वास्थ्य संस्थानों में स्थानांतरित करने और उनके उपचार की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

तीन दिन में जवाब देने का निर्देश

Rewa स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। नोटिस का जवाब देने के लिए तीन दिन की समयसीमा दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार आयुष्मान अस्पताल का संचालन आगामी आदेश तक बंद रहेगा।

Also Read: सिंहस्थ के लिए 730 मीटर सड़क का चौड़ीकरण, मुख्यमंत्री मोहन यादव का पैतृक मकान भी जद में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *