मंडला जिले के मोहगांव जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत खाल्हे गिठौरी के वार्ड 6 का मामला, मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों में परेशानी
सड़क पर कीचड़ से आवाजाही मुश्किल
मंडला। आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले में विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जिले के कई इलाकों में आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। ऐसा ही मामला मोहगांव जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत खाल्हे गिठौरी के वार्ड नंबर 6 से सामने आया है, जहां मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण राहगीरों और नौनिहालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आजादी के सात दशक बाद भी सड़क की समस्या
ग्रामीण क्षेत्र में सड़क पर कीचड़ होने के कारण लोगों के लिए आवाजाही करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आजादी के सात दशक बाद भी अगर ग्रामीणों को सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए जद्दोजहद करनी पड़े, तो विकास के दावों की जमीनी हकीकत क्या है। वार्ड 6 के रहवासी लंबे समय से इस तरह की समस्या से जूझते नजर आ रहे हैं।
खबर के बाद प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार
ग्रामीणों की समस्या सामने आने के बाद अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित जिम्मेदार इस ओर कब तक ध्यान देते हैं। क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराएंगे या फिर ग्रामीणों को इसी तरह सड़क की सुविधा से जूझते रहना पड़ेगा, यह आने वाला समय बताएगा।