Bhopal: प्रतिबंधित नशीली दवाओं पर बड़ी कार्रवाई, 1454 टैबलेट-कैप्सूल जब्त; दो मेडिकल स्टोर सील

Bhopal

By: Ravindra Singh

Bhopal : राजधानी में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस और ड्रग विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। मंगलवार को कोलार रोड थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति और दो मेडिकल स्टोरों से कुल 1454 प्रतिबंधित टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद दोनों मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और दवाओं की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

चाय की दुकान के पास संदिग्ध युवक से शुरू हुई जांच

Bhopal पुलिस को बीती रात सूचना मिली थी कि बीमा कुंज इलाके में एक चाय की दुकान के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाशी ली। उसके पास से SPASMO PROXYVON+ के दो कैप्सूल मिले।

पूछताछ में युवक की पहचान कोलार की राजवेद कॉलोनी निवासी मिथलेश लोधी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वह इन दवाओं का नशे के लिए इस्तेमाल करता था। घटनास्थल पर उसका दोस्त नितेश चौहान भी मौजूद था।

पूछताछ में सामने आए दवाओं की खरीद के ठिकाने

Bhopal पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की तो प्रतिबंधित दवाओं की खरीद से जुड़ी जानकारी मिली। दोनों ने बताया कि वे ये दवाएं नितेश के भाई संतोष सिंह चौहान से लेते थे।

इसके बाद पुलिस दोनों को लेकर बंजारी फेस-1 स्थित नितेश के घर पहुंची। पुलिस के अनुसार, संतोष चौहान के पास से दो कंपनियों की 214 प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान संतोष ने बताया कि उसने ये दवाएं बरखेड़ी स्थित आयुष मेडिकल और अन्ना नगर, गोविंदपुरा के राज मेडिकल स्टोर से खरीदी थीं।

आयुष मेडिकल से 696 प्रतिबंधित दवाएं बरामद

Bhopal जानकारी के आधार पर कोलार पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बरखेड़ी स्थित आयुष मेडिकल पर छापा मारा। यहां संचालक रामसेवक निरंजन के कब्जे से पांच अलग-अलग कंपनियों की 696 प्रतिबंधित टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए गए।

बरामद दवाओं में SPASMO PROXYVON+ के 16 कैप्सूल, AVIL 25 की 315 टैबलेट, AVIL 50 की 85 और 150 टैबलेट तथा LOKACIAN TABLET PLUS की 130 टैबलेट शामिल हैं।

राज मेडिकल स्टोर से 544 कैप्सूल जब्त

Bhopal इसके बाद टीम ने अन्ना नगर, गोविंदपुरा स्थित राज मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की। यहां संचालक राजकुमार परसोदिया के कब्जे से चार कंपनियों की कुल 544 प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं।

जब्त दवाओं में SPASMO PROXYVON+ के 90 कैप्सूल, PYEEVON SPAS PLUS के 158, XARISPAS के 152 और TRIDOSS के 144 कैप्सूल शामिल हैं।

ड्रग विभाग ने दोनों मेडिकल स्टोरों को किया सील

Bhopal पुलिस के मुताबिक, दोनों मेडिकल स्टोरों से प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री से संबंधित तथ्य सामने आने के बाद ड्रग विभाग ने आयुष मेडिकल और राज मेडिकल को सील कर दिया है। जांच पूरी होने तक दोनों प्रतिष्ठानों में दवाओं की खरीद-बिक्री बंद रहेगी।

अवैध दवा कारोबार की सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस

Bhopal कार्रवाई के बाद पुलिस का ध्यान अब प्रतिबंधित दवाओं के पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है। जांच की जा रही है कि मेडिकल स्टोरों तक ये दवाएं कहां से पहुंच रही थीं और इनके अवैध कारोबार में कितने लोग शामिल हैं।

मिथलेश लोधी, नितेश चौहान, संतोष चौहान और दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

Also Read: Weather: मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई की उल्टी गिनती शुरू, आज 19 जिलों में बूंदाबांदी के आसार

One thought on “Bhopal: प्रतिबंधित नशीली दवाओं पर बड़ी कार्रवाई, 1454 टैबलेट-कैप्सूल जब्त; दो मेडिकल स्टोर सील”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *