सागर जिले में जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बंडा शराब कांड के आरोपी और शराब दुकान लाइसेंसी सिद्धार्थ कुशवाहा से जुड़े बताए जा रहे प्रतिष्ठानों पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पाथवे रिसॉर्ट और सत्यम होटल पर कार्रवाई
प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 क्षेत्र में स्थित पाथवे रिसॉर्ट और सत्यम होटल को अतिक्रमण के दायरे में मानते हुए कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी रही। बताया जा रहा है कि पाथवे रिसॉर्ट का संबंध शराब कांड के आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा से है।
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख
जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन जिले में अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के विपरीत बनाए गए निर्माणों और अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि एक दिन पहले खाद्य विभाग ने जिले में कार्रवाई करते हुए पांच होटल और रेस्टोरेंट को सील किया था। अब प्रशासन का यह नया एक्शन बंडा शराब कांड से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई जारी है।

