Site icon Panchayat Post

खूडर नदी में डूबने से पति-पत्नी की मौत, नहाने और कपड़े धोने गए थे

छतरपुर। जिले के खजुराहो थाना क्षेत्र के बमनोरा गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पास स्थित खूडर नदी में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।

पैर फिसलने से नदी में गिरी पत्नी

जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय बबली सेन अपने 42 वर्षीय पति दिलीप सेन और 12 वर्षीय बेटी के साथ गांव के पास खूडर नदी में नहाने और कपड़े धोने के लिए गई थीं। इसी दौरान बबली का पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गई। पत्नी को बचाने के लिए पति दिलीप सेन ने भी पानी में छलांग लगा दी।

बच्ची ने दी घरवालों को घटना की जानकारी

घटना के बाद मौके पर मौजूद 12 वर्षीय बेटी ने घर पहुंचकर परिवार के अन्य सदस्यों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और नदी में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद पति-पत्नी के शव बरामद कर लिए गए।

स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए शव

पुलिस ने दोनों शवों को खजुराहो स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जानकारी के अनुसार मृतक दिलीप सेन खजुराहो के शिल्पग्राम में नौकरी करते थे। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Exit mobile version