दमोह जिले में खाद्य विभाग की टीम ने डोमिनोज पिज्जा सेंटर का निरीक्षण कर वहां कई खामियां पाए जाने की बात कही है। जांच के दौरान एक ही रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने तथा दोनों तरह के खाद्य पदार्थों को एक ही फ्रीजर में रखे जाने की जानकारी सामने आई।
एक ही किचन में तैयार हो रहा था वेज और नॉनवेज खाना
खाद्य विभाग की टीम निरीक्षण के लिए दमोह स्थित डोमिनोज पिज्जा सेंटर पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान टीम को एक ही किचन में वेज और नॉनवेज फूड तैयार किए जाने की जानकारी मिली। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक ही फ्रीजर में रखे जाने की बात भी सामने आई।
इन व्यवस्थाओं को लेकर खाद्य विभाग ने सेंटर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी जांच शुरू की है।
चीज, सॉस और क्रीम के सैंपल लिए
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने चीज, सॉस और क्रीम के सैंपल लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के चलते नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
लाइसेंस निलंबित कर नोटिस जारी
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग ने डोमिनोज पिज्जा सेंटर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही सेंटर को नोटिस भी जारी किया गया है। अब खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

