Site icon Panchayat Post

दतिया में 15 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, दो महीने बाद दर्ज हुई FIR; तीन युवकों पर केस

Datia

Datia

By: Ravindra Singh

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गणपति झांकी देखकर लौटते समय हुई वारदात

महिला थाना प्रभारी कोमल परिहार के मुताबिक, घटना 20 सितंबर की रात की है। किशोरी गांव में आयोजित गणपति झांकी देखने गई थी। रात करीब 10 बजे घर लौटते समय आरोपियों ने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकाया और मौके से फरार हो गए।

दो महीने बाद मां के साथ थाने पहुंची पीड़िता

घटना के बाद किशोरी डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के कारण तत्काल पुलिस के पास नहीं पहुंच सकी। करीब दो महीने बाद, 13 नवंबर को उसने अपनी मां के साथ महिला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में दीपक रावत, सूरज रावत और रविन्द्र रावत के खिलाफ BNS और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: आज का राशिफल 15 नवंबर 2026: मिथुन और तुला राशि वालों को मिल सकता है आर्थिक लाभ, जानें मेष से मीन तक का भविष्यफल

Exit mobile version