Site icon Panchayat Post

दतिया में लगातार बारिश से बिगड़े हालात, निचली बस्तियों में भरा पानी; स्कूलों में छुट्टी

दतिया। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के चलते शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया है, वहीं निचली बस्तियों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निचली बस्तियों और कॉलोनियों में जलभराव

दतिया में सीतासागर तालाब समेत अन्य जलाशयों से सटी कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे घरेलू सामान के खराब होने की शिकायतें सामने आई हैं। प्रभावित लोगों ने नगर पालिका से जल्द पानी की निकासी कराने की मांग की है।शहर की कई प्रमुख सड़कों पर भी पानी जमा होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। लगातार बारिश के कारण स्थिति और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।

सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश

लगातार बारिश को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने गुरुवार को दतिया जिले के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

नदी-नालों से दूर रहने की अपील

प्रशासन ने आमजन से नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। वहीं स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पानी की निकासी के लिए जुटी हुई हैं। अधिकारियों की ओर से जलभराव वाले इलाकों पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत कार्य किए जा रहे हैं।

Exit mobile version