Delhi : दिल्ली विधानसभा को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विधानसभा के स्पीकर के आधिकारिक ईमेल अकाउंट पर धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें विधानसभा परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
सुबह 8:39 बजे मिला धमकी भरा ईमेल
Delhi जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:39 बजे दिल्ली विधानसभा के स्पीकर के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में विधानसभा भवन और उसके परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
धमकी वाला संदेश सामने आने के बाद विधानसभा प्रशासन ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम विधानसभा परिसर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस ने परिसर में की जांच
Delhi धमकी की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने विधानसभा परिसर में जांच-पड़ताल की। सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद पुलिस टीम वहां से रवाना हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, धमकी खालिस्तानी संगठन के नाम से भेजे गए ईमेल के जरिए दी गई थी।
फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल के स्रोत और इसके पीछे मौजूद लोगों का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
इससे पहले लाल किले को भी मिली थी धमकी
Delhi दिल्ली में इससे पहले भी प्रमुख सरकारी और ऐतिहासिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। 11 जुलाई को लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। एक व्यक्ति ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर यह धमकी दी थी। मुंबई पुलिस ने तत्काल दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी थी।
इसके बाद नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने लाल किले के आसपास जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्रवाई की। जांच के बाद पुलिस ने धमकी भरे कॉल को फर्जी पाया था।
दिल्ली सचिवालय को भी मिल चुकी है धमकी
Delhi इससे एक दिन पहले, 10 जुलाई को लाल किले के साथ दिल्ली सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। दिल्ली सचिवालय को ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में तलाशी अभियान चलाया था।
दिल्ली फायर सर्विस की टीमें भी मौके पर पहुंची थीं। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला था।
नागपुर के कई स्कूलों को भी भेजे गए थे धमकी भरे ईमेल
Delhi बीते 18 अगस्त को महाराष्ट्र के नागपुर में 12 से अधिक स्कूलों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले थे। सूचना के बाद पुलिस ने सभी संबंधित स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया था।
अधिकारियों के मुताबिक, धमकी वाले ईमेल जीमेल अकाउंट से भेजे गए थे और उनमें 31 अगस्त को स्कूलों में विस्फोट करने की बात कही गई थी। हालांकि, व्यापक जांच के दौरान किसी भी स्कूल परिसर से संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने इन धमकियों को फर्जी पाया था।

