Site icon Panchayat Post

ग्वालियर में शातिर चोरों का अनोखा पैंतरा: पुलिस को झांसा देने के लिए सीवेज पाइपलाइन में छिपाए 12 लाख के जेवर, दो गिरफ्तार

by:Anuradha

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से चोरी का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस अधिकारियों और आम लोगों को भी हैरान कर दिया है। भितरवार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरों ने पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए चोरी के माल को छिपाने का जो तरीका अपनाया, वैसा शायद ही किसी ने सोचा होगा।

गेहूं की टंकी से हाथ साफ कर ले उड़े थे जेवर

यह पूरी वारदात भितरवार के वार्ड क्रमांक 2 की है, जहाँ 22 अक्टूबर को ज्ञानी भूषण पाठक के आवास पर चोरी की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया गया था। शातिर चोरों ने घर के कमरों की तालाशी ली और गेहूं की टंकी में बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए कीमती सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत तफ्तीश शुरू की और संदेह के बिनाह पर मुख्य आरोपी ताज खान समेत दो लोगों को दबोच लिया।

सीवेज पाइपलाइन के अंदर छिपा रखा था कीमती सामान

पुलिस कस्टडी में आरोपियों से जब पूछताछ की गई, तो उन्होंने जो राज उगला उस पर पहले तो किसी को यकीन ही नहीं हुआ। चोरों ने पुलिस को चकमा देने और जेवरातों को सुरक्षित छिपाने के लिए उन्हें किसी संदूक या जमीन के भीतर दबाने के बजाय घर की सीवेज पाइपलाइन के अंदर ठूंस दिया था। पुलिस ने जब आरोपियों की निशानदेही पर सीवेज पाइप को खुदवाया, तो उसमें से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सभी सोने-चांदी के आभूषण सही-सलामत बरामद कर लिए गए। फिलहाल पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है, जिससे इलाके में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।

ग्वालियर में पहले भी सामने आ चुके हैं हैरान करने वाले मामले

आपको बता दें कि ग्वालियर और उसके आसपास के इलाकों में शातिर चोरों के अजीबोगरीब कारनामे पहले भी सामने आते रहे हैं। इससे पहले शहर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही हाईटेक गिरोह पकड़ा गया था, जिसके पास से लगभग 94 लाख रुपये का माल बरामद हुआ था। इसके अलावा, हाल ही में भोपाल में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के बंगले से चंदन का पेड़ चोरी होने की घटना ने भी खासी सुर्खियां बटोरी थीं। फिलहाल, भितरवार पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

Exit mobile version