Site icon Panchayat Post

जेल प्रहरी को कैदी ने मारी गोली, हालत गंभीर; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्वालियर। जेल परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कैदी ने कथित रूप से जेल प्रहरी पर गोली चला दी। घटना में जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

गेट खुलवाकर भागने की कोशिश की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी कैदी हत्या के प्रयास (धारा 307) के मामले में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि वह जेल का गेट खुलवाकर फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी और उसने जेल प्रहरी पर गोली चला दी। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जेल में हथियार पहुंचने पर खड़े हुए गंभीर सवाल

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था वाले जेल परिसर में कैदी के पास हथियार कैसे पहुंचा। जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। पुलिस और जेल प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद पूरे घटनाक्रम और हथियार के स्रोत का खुलासा किया जाएगा।

Exit mobile version