राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की बैठक को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के दिए गए बयान पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तीखा पलटवार किया है। सिंधिया ने दो टूक अंदाज में कहा कि उन्हें दिग्विजय सिंह के किसी भी न्योते या प्रमाण की कोई आवश्यकता नहीं है।
‘डेली कॉलेज सिंधिया परिवार की संस्था’
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दिग्विजय सिंह के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि इंदौर का प्रसिद्ध डेली कॉलेज पूरी तरह से सिंधिया परिवार की संस्था है, जिसकी स्थापना भी हमारे ही परिवार द्वारा की गई थी। ऐसे में इतिहास और संस्थाओं को लेकर किसी के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।
‘मेरा काम है उन्हें समय-समय पर याद दिलाना’
दिग्विजय सिंह के बयानों पर निशाना साधते हुए सिंधिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को कभी-कभी पुरानी और महत्वपूर्ण चीजें भूल जाने की आदत है। तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा कि “मेरा काम उन्हें समय-समय पर चीजें याद दिलाना है, जैसे मैंने साल 2020 में उन्हें याद दिलाया था।” सिंधिया का यह बयान राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

