पत्नी की कृषि भूमि के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
खरगोन। इंदौर लोकायुक्त की टीम ने खरगोन जिले में रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 20 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। शिकायतकर्ता पुनीत नाडीवाल निवासी बड़ी कसरावद के मुताबिक, उनकी पत्नी की कृषि भूमि के नामांतरण के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप है कि नामांतरण के लिए कुल 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने उसका सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। बताया गया कि शारदा हॉस्पिटल के सामने पाटीदार मेडिकल के पास कार्रवाई के दौरान पटवारी खुम सिंह धारवे को 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई बीती देर रात की बताई जा रही है।
तहसीलदार और दूसरे पटवारी का नाम भी मामले में शामिल
मामले में तहसीलदार अंतरसिंह कनेश और पटवारी कुलदीप यादव के नाम भी सामने आए हैं। लोकायुक्त द्वारा तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।
खरगोन में लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई लोकायुक्त टीम द्वारा की जा रही है।

