Site icon Panchayat Post

नर्मदापुरम पुलिस लाइन में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, पुलिस स्मृति दिवस पर वीर बलिदानियों को किया नमन

नर्मदापुरम में बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को याद कर उन्हें नमन किया गया।

परेड और बैंड की प्रस्तुति के साथ हुआ कार्यक्रम

समारोह की शुरुआत पुलिस अधीक्षक के आगमन और परेड कमांडर की सलामी के साथ हुई। इसके बाद उप पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) चन्द्र शेखर सोलंकी सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। बैंड पार्टी ने शहीद जवानों की नामावली प्रस्तुत की, जिसका वाचन पुलिस अधीक्षक ने किया।

पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों, आमंत्रित अतिथियों और पत्रकारों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पमालाएं अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परेड द्वारा शहीदों को अंतिम सलामी दी गई। साथ ही शोक शस्त्र की कार्यवाही और शहीद स्मारक के दोनों ओर से धीरे चाल की रस्म भी पूरी की गई।

आईजी बोले- शहीदों का बलिदान हमेशा प्रेरित करता रहेगा

आईजी चन्द्र शेखर सोलंकी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का अवसर है, जिन्होंने नागरिकों की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का त्याग हमेशा देशवासियों और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Exit mobile version