उत्तर प्रदेश के संभल जिले की नगर पंचायत नरौली क्षेत्र में नाला निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बीच वाले अड्डे से लेकर झंडा वाले बाग तक ठेकेदार द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी बीच निर्माण के करीब छह दिन बाद नाले की दीवार हल्की बारिश के बाद गिर गई।
छह दिन पहले बनी दीवार बारिश के बाद गिरी
नगर पंचायत नरौली क्षेत्र में संभल-चंदौसी मार्ग पर बीच वाले अड्डे से झंडा वाले बाग तक नाला निर्माण का काम चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नाले के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता ठीक नहीं है। लोगों का कहना है कि इसी वजह से छह दिन पहले बनाई गई नाले की दीवार हल्की बारिश के बाद गिर गई।
नाला गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
नाले की दीवार गिरने के बाद मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। । मोहल्लेवासियों ने नाला निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री को लेकर अपनी शिकायतें सामने रखीं।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने जांच और कार्रवाई की बात कही
नगर पंचायत नरौली अध्यक्ष बिट्टन मलिक से भी मामले को लेकर बात की। उन्होंने कैमरे पर कहा कि नाला निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की जांच कराई जाएगी और ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाएगा। अध्यक्ष के मुताबिक जांच में यदि घटिया सामग्री के इस्तेमाल की पुष्टि होती है तो ठेकेदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

