Site icon Panchayat Post

Protest by Students: स्कूल की बदहाल सड़क पर छात्राओं का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में रोपा धान

Protest by Students सागर जिले के देवरी जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक जाने वाली सड़क की बदहाली से छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद कच्चे मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। समस्या को लेकर छात्राओं ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क के गड्ढों में जमा पानी के बीच धान के पौधे रोपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

दो साल से सड़क की हालत खराब, कई बार दे चुके ज्ञापन

Protest by Students छात्राओं का कहना है कि मुख्य सड़क से विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग करीब दो वर्षों से बदहाल है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कीचड़ के कारण छात्राओं की स्कूल ड्रेस खराब होने के साथ ही फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है। छात्राओं के मुताबिक, सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर ग्राम पंचायत तथा प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत और ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

छात्राओं ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि सड़क में गड्ढे नहीं बल्कि गड्ढों में सड़क नजर आ रही है। इसी समस्या को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए उन्होंने गड्ढों में धान रोपकर सांकेतिक विरोध किया।

सड़क नहीं बनी तो आंदोलन की चेतावनी

Protest by Students कक्षा 10वीं की छात्रा शिखा स्वामी ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से सड़क की यही स्थिति है। कई बार शिकायत करने के बावजूद सुधार नहीं हुआ। छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे विद्यालय के सामने बैठकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।

विद्यालय के शिक्षक अमन शर्मा ने भी बताया कि बारिश के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी आने-जाने में परेशानी होती है। स्कूल प्रबंधन की ओर से पहले भी सड़क की समस्या को लेकर शिकायत की जा चुकी है।

मामले में देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि छात्राओं के प्रदर्शन की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से चर्चा कर जल्द सड़क को दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि छात्राओं के इस अनोखे प्रदर्शन के बाद जिम्मेदार विभाग कब तक सड़क की सुध लेता है।

Read this: MP Government 600 Crore Scam: मध्य प्रदेश में सरकारी खजाने में 600 करोड़ की गड़बड़ी, 400 से ज्यादा लोगों पर FIR; पत्नी-रिश्तेदारों के खातों…

Exit mobile version