By: Ravindra Singh
Rewa : जन विश्वास अभियान के तहत स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल महसांव का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में कई स्तर पर अव्यवस्थाएं सामने आईं। विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण नहीं हुआ था, जबकि 9 छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए ई-केवाईसी भी लंबित मिली। परिसर में जलभराव और साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी।
प्रभारी प्राचार्य की मेडिकल जांच के निर्देश
Rewa निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्राचार्य के कथित रूप से शराब के नशे में होने की बात सामने आई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मेडिकल जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को प्रभारी प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के लिए कहा गया।
शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस
Rewa स्कूल में पुस्तकों के वितरण और छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने वर्ष 2019 से अधूरे पड़े शौचालय भवन का भी संज्ञान लिया और संबंधित विभाग से इसकी स्थिति को लेकर रिपोर्ट मांगी।
ग्रामीणों से कलेक्टर ने किया संवाद
Rewa स्कूल निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने पतौता और पुरास गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण से प्रभावित परिवारों की समस्याएं उनके सामने रखीं। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को आबादी भूमि में आवासीय पट्टे उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
जन विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

