Shahdol : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के बुढ़ार में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवारको दो क्लिनिकों के खिलाफ कार्रवाई की। तीन सदस्यीय टीम ने दोनों जगहों पर जांच के दौरान चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी कई अनियमितताएं मिलने के बाद क्लिनिकों को सील कर दिया। एक जगह मरीज भर्ती मिले और कुछ को ड्रिप लगाई जा रही थी, जबकि दूसरी जगह एक्सपायरी दवाएं बरामद हुईं।
रिटायर्ड डॉक्टर के क्लिनिक से मिली एक्सपायरी दवाएं
Shahdol स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले हीरा कॉलोनी के पास संचालित डॉ. केएन गुप्ता के क्लिनिक का निरीक्षण किया। डॉ. गुप्ता सेवानिवृत्त शासकीय चिकित्सक हैं। विभाग के अनुसार, यहां मरीजों को दवाएं देकर उपचार किया जा रहा था, जबकि क्लिनिक का पंजीयन कंसल्टेंसी से संबंधित बताया गया।
जांच के दौरान टीम को क्लिनिक में कुछ ऐसी दवाएं मिलीं, जिनकी एक्सपायरी हो चुकी थी। स्वास्थ्य विभाग ने इन दवाओं को जब्त करने के बाद क्लिनिक को सील कर दिया।
अभयराज हॉस्पिटल में भर्ती मिले मरीज
Shahdol इसके बाद टीम ने खैराहा रोड पर सरईकापा के पास स्थित अभयराज हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यहां कई मरीज भर्ती पाए गए और कुछ मरीजों को ड्रिप लगी हुई थी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, क्लिनिक संचालक डॉ. अभयराज दूसरे चिकित्सक के नाम से मरीजों का उपचार करते पाए गए। जांच में यह बात भी सामने आई कि संबंधित चिकित्सक के पास BPT यानी बैचलर ऑफ फिजियोथैरेपी का पंजीयन था। इसके बावजूद वहां मरीजों को भर्ती कर एलोपैथिक उपचार किए जाने की स्थिति मिली।
दोनों क्लिनिकों को किया गया सील
Shahdol स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों स्थानों से दवाइयां जब्त कीं। जांच के बाद दोनों क्लिनिकों को सील कर दिया गया। अब विभाग की जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इन केंद्रों पर किस तरह की चिकित्सा सेवाएं दी जा रही थीं और यह व्यवस्था कितने समय से संचालित थी।
तीन सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
Shahdol स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम में DHO-1 डॉ. आरके शुक्ला, DIO डॉ. अंशुमान सुनारे और बुढ़ार BMO डॉ. सचिन कारखुर शामिल थे। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चिकित्सा पंजीयन और निर्धारित नियमों के तहत स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने को लेकर निगरानी बढ़ने की संभावना है।
Also Read: पूर्व भाजपा विधायक के रिटायर्ड आईपीएस पति पर भोपाल में एफआईआर, फर्जी जाति प्रमाण पत्र का मामला

