Site icon Panchayat Post

तामिया स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नदारद, कर्मचारियों पर मरीजों के इलाज का आरोप

जनप्रतिनिधियों ने उच्च अधिकारियों से की शिकायत

तामिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की है। शिकायत में बताया गया है कि अस्पताल परिसर में डॉक्टर नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते हैं। मरीजों को जब डॉक्टर की आवश्यकता होती है, उस समय डॉक्टर अस्पताल परिसर से नदारद बताए जाते हैं।

कर्मचारियों के इलाज करने और हाजिरी लगाकर गायब होने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति में अस्पताल के कर्मचारी मरीजों का इलाज करते नजर आते हैं। वहीं कुछ कर्मचारियों के अस्पताल के गेट के बाहर ही हाजिरी लगाकर गायब होने की बात भी कही गई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस तरह की स्थिति से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

शिकायत के अनुसार अधिकांश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के अप-डाउन करने और मुख्यालय में निवास नहीं करने की बात सामने आई है। तामिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ ग्रामीण अंचलों में भी डॉक्टरों और कर्मचारियों की कथित लापरवाही के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित होने का दावा किया गया है।

वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था झोलाछाप डॉक्टरों के भरोसे चलने का भी आरोप लगाया गया है। जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले में उच्च अधिकारियों से व्यवस्था की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version