Site icon Panchayat Post

यूपी में ADO पंचायत भर्ती के नियम बदले, अब UPSSSC करेगा भर्ती

UPPSC की जगह अधीनस्थ सेवा चयन आयोग करेगा भर्ती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) यानी ADO पंचायत की भर्ती को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सेवा संशोधन नियमावली-2026 को राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। अब ADO पंचायत की सीधी भर्ती उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बजाय उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से कराई जाएगी।

अधिकतम आयु सीमा 30 से बढ़कर 40 वर्ष

संशोधित नियमों के तहत ADO पंचायत की सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष से बढ़ाकर 40 वर्ष कर दी गई है। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे प्रतियोगी अभ्यर्थियों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है। इससे 30 वर्ष से अधिक आयु वाले पात्र अभ्यर्थियों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

नए नियमों में नियुक्ति प्राधिकारी की जिम्मेदारी भी बदली गई है। अब ADO पंचायत पद पर नियुक्ति प्राधिकारी पंचायतीराज निदेशक होंगे। भर्ती वर्ष की गणना से जुड़े प्रावधानों में भी संशोधन किया गया है।

953 से घटकर 826 हुए पद

संशोधित नियमों के बाद ADO पंचायत के स्वीकृत पदों की संख्या भी घट गई है। पहले 943 स्थायी और 10 अस्थायी समेत कुल 953 पद स्वीकृत थे। अब 790 स्थायी और 36 अस्थायी समेत कुल 826 पद रह गए हैं।

ADO पंचायत की पिछली भर्ती वर्ष 2015 में हुई थी, जिसमें 198 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इसके बाद लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार किया जा रहा था। संशोधित नियमावली जारी होने के बाद अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

Exit mobile version