Site icon Panchayat Post

कृष्ण जन्माष्टमी के बैनर फाड़ने के विरोध में यादव समाज का महा प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग तेज

खनियांधाना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लगाए गए स्वागत एवं बधाई बैनरों को फाड़े जाने की घटना के विरोध में खनियांधाना में यादव समाज और सर्व समाज के लोगों ने विशाल महा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में खनियांधाना सहित शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बढ़ती भीड़ को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की रात को शहर के रेंज महाराणा प्रताप चौराहे सहित विभिन्न स्थानों पर लगाए गए जन्माष्टमी के बैनरों को कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद 30 अगस्त को यादव समाज और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने खनियांधाना थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। साथ ही पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था।

निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद समाज के लोग बड़ी संख्या में रेंज महाराणा प्रताप चौराहे पर एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होना चाहिए।

इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चार संदिग्ध युवक कथित रूप से बैनर फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

वहीं, थाना प्रभारी संजय सिंह किरार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।

Exit mobile version