रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में एक अतिथि शिक्षक के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप सामने आने के बाद ग्रामीणों ने शिक्षक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और रस्सी से उसकी पिटाई की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शिक्षक को पेड़ से बंधा हुआ देखा जा सकता है।
छात्रा को झोपड़ी में ले जाने का लगाया गया आरोप
ग्रामीणों के अनुसार अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने नाबालिग छात्रा को किसी बहाने से बुलाया और उसे एक झोपड़ी में ले गया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। छात्रा के शोर मचाने के बाद उसके स्वजन मौके पर पहुंचे और शिक्षक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को ग्रामीणों से छुड़ाया। छात्रा के स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिक्षक ने भी मारपीट और धमकी की शिकायत दी
मामले में शिक्षक की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिक्षक का आरोप है कि वह लंच के दौरान एक परिचित लड़की से मिलने गया था, तभी दो लोगों ने उसे रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। उसकी शिकायत के मुताबिक एक व्यक्ति ने लकड़ी और दूसरे ने रस्सी से उसके साथ मारपीट की तथा दोबारा गांव की किसी लड़की से मिलने आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। पुलिस ने शिक्षक की शिकायत पर भी अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, छात्रा की शिकायत से जुड़े मामले में शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर शिक्षक के साथ मारपीट करने वालों की पहचान में जुटी है।