छिंदवाड़ा: तामिया की ग्राम पंचायत में 84 लाख की वित्तीय गड़बड़ी, समय बीतने के बाद भी दबी जांच रिपोर्ट

तय समय-सीमा खत्म, फिर भी ठंडे बस्ते में जांच

जनपद पंचायत तामिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत में लगभग 84 लाख रुपये के विकास कार्यों और भुगतानों में बड़ी वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस कथित घोटाले का खुलासा ‘पंचायत दर्पण’ और ‘ई-ग्राम स्वराज’ पोर्टल पर दर्ज भुगतानों के मिलान के दौरान हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार अधिकारियों की एक विशेष समिति गठित की गई थी, जिसे 26 सितंबर तक अपनी रिपोर्ट देनी थी। हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद जांच का कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

निर्माण कार्य से लेकर टेंडर प्रक्रिया तक की होनी है पड़ताल

जांच दल को पंचायत में हुए भौतिक निर्माण, सामग्री क्रय, जारी किए गए बिल, टेंडर प्रक्रिया और माप पुस्तिका (MB) की जमीनी स्तर पर समीक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन अब तक किसी भी तरह की समीक्षा या प्रतिवेदन न सौंपे जाने से पूरी जांच प्रक्रिया ही संदेह के घेरे में आ गई है।

जनप्रतिनिधियों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल

समय पर रिपोर्ट न आने के कारण स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में गहरा असंतोष है। लोग अब खुलकर सवाल उठा रहे हैं कि क्या प्रशासनिक तंत्र इस बड़े घोटाले पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहा है? रिपोर्ट में हो रही देरी से अधिकारियों की मंशा और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *