By: Ravindra Singh
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद मार्मिक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक 21 वर्षीय युवक का शव और उसकी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस दिल दहला देने वाले हादसे का सबसे आश्चर्यजनक और भावुक पहलू यह रहा कि मृत पिता के शरीर से बंधा हुआ उसका डेढ़ साल का मासूम बच्चा इस भीषण दुर्घटना में पूरी तरह सुरक्षित बच गया, जिसे एक खरोंच तक नहीं आई है।
पन्ना-कटनी मार्ग पर झाड़ियों में मिला शव और क्षतिग्रस्त बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान 21 वर्षीय सरफराज पारधी के रूप में हुई है, जो कुपना घाट (नगवाखेड़ा) का रहने वाला था। 24 अक्टूबर को पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग के पास झाड़ियों के बीच उसका शव और उसकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक मिली थी।
घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी होगी, हालांकि हादसे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पिता के शव से बंधा था मासूम, चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बचा
इस पूरी घटना का सबसे बड़ा और चमत्कारिक पहलू डेढ़ साल के बच्चे का सुरक्षित मिलना है। मृतक पिता के शरीर से कपड़ा बांधकर उसका बेटा उससे जुड़ा हुआ था। जब लोगों और पुलिस ने यह दृश्य देखा, तो हर कोई अक्की में था कि भयानक हादसे में पिता की जान चली गई, लेकिन पिता के सीने से बंधा डेढ़ साल का मासूम पूरी तरह सुरक्षित है और उसे खरोंच तक नहीं आई है। इस करिश्मे को देखकर हर आंख नम और हैरान है।
तीन दिन से लापता था युवक, पत्नी गई थी कटनी
परिजनों के अनुसार, मृतक सरफराज के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का शामिल है। हादसे के वक्त उसकी पत्नी बड़की बाई अपनी एक बच्ची का इलाज कराने के लिए कटनी गई हुई थी। परिजनों ने बताया कि सरफराज पिछले तीन दिनों से लापता चल रहा था, जिसके चलते 22 अक्टूबर को ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
फिलहाल, शाहनगर थाना पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह सिर्फ सड़क दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।