हम जोश में आकर कई बार ऐसा कर जाते हैं: राम-कृष्ण पर दिए बयान पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मांगी माफी

by:Anuradha

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए अपने एक हालिया बयान पर सफाई देते हुए देशवासियों और भक्तों से माफी मांग ली है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसके बाद इसे लेकर काफी विवाद और बहस छिड़ गई थी। बाबा बागेश्वर ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी की भी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना बिल्कुल नहीं था और वे स्वयं भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त हैं।

बयान का गलत अर्थ निकाले जाने पर दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सामने आकर स्पष्ट किया कि उनकी बातों का पूरी तरह से गलत अर्थ निकाला गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह बातें प्रेम, विनोद और विशेष भाव के तहत कही थीं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके शब्दों से किसी के भी मन को ठेस पहुंची है, तो वे इसके लिए हाथ जोड़कर क्षमा प्रार्थी हैं।

बाबा बागेश्वर ने अपने स्पष्टीकरण में कहा, “हम भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच कोई भेद उत्पन्न नहीं करना चाहते थे। जैसे ब्रज की सखियां और संत ठाकुर जी को उलाहना देते हैं, उसी संदर्भ में एक बहुत प्रचलित संत का पद था— जिसमें कहा गया है कि ‘बंसी का बजाना तो खेल ही है, पर धनुष उठाना खेल नहीं’। हम उसी भाव की व्याख्या कर रहे थे। लेकिन कुछ लोगों ने पूरा वीडियो देखे बिना ही आधा हिस्सा शेयर कर दिया और हमें कृष्ण विरोधी घोषित कर दिया, जबकि हम कभी कृष्ण विरोधी हो ही नहीं सकते।”

लाखों भक्तों के सामने व्यास गद्दी से मांगी दो बार माफी

विवाद को शांत करने के लिए धीरेंद्र शास्त्री ने दो बार माफी मांगी। सबसे पहले उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी, और उसके बाद जब वे कथा कहने के लिए व्यास गद्दी पर बैठे, तो वहां भी लाखों लोगों के सामने दोबारा माफी मांगी।

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, “भाव-भाव में आकर कई बार हम जोश-जोश में कुछ ऐसा कह जाते हैं, जो शायद हमें नहीं कहना चाहिए था। हमारा इरादा कभी किसी के विरोध में या समाज और भगवान को बांटने का नहीं होता। राम और कृष्ण दोनों एक ही हैं, उनमें कोई अंतर नहीं है। फिर भी, यदि हमारे किसी भाव से किसी को ठेस पहुंची हो, तो हम बहुत विनयी भाव से क्षमा मांगते हैं।”

विरोधियों पर भी साधा कड़ा निशाना

सफाई देने के साथ-साथ बाबा बागेश्वर ने सोशल मीडिया पर सक्रिय अपने विरोधियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज के समय में भारत में सोशल मीडिया पर फेमस होने का एक नया और आसान ट्रेंड चल गया है— ‘बाबा बागेश्वर का विरोध करो’।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों को जरा सा भी मौका मिलता है, तो वे बिना पूरी सच्चाई जाने नई कंट्रोवर्सी बनाने में जुट जाते हैं। उन्होंने भक्तों और आलोचकों से अपील की कि वे बयानों के अर्थ का अनर्थ न निकालें और उनके मूल भाव को समझें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *