मुरैना में प्रतिबंध के बीच निकली गुर्जर समाज की रैली, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल

मुरैना जिले में कलेक्टर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के बावजूद मंगलवार को गुर्जर समाज की ओर से सम्राट मिहिर भोज जयंती पर रैली निकाली गई। आजाद समाज पार्टी के नेता रविन्द्र भाटी के नेतृत्व में निकली इस रैली में 50 से अधिक वाहन शामिल रहे। रैली सर्किट हाउस से शुरू होकर नेशनल हाईवे के रास्ते बटेश्वरा मंदिर पहुंची, जहां सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

रैली से पहले सभा में प्रशासन पर साधा निशाना

रैली शुरू होने से पहले रेस्ट हाउस परिसर में गुर्जर समाज की सभा आयोजित की गई। इस दौरान रविन्द्र भाटी ने प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समाज को अपनी बात रखने का अधिकार है और अनुमति न मिलने के बावजूद समाज अपने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करेगा। उन्होंने सम्राट मिहिर भोज को देश की रक्षा करने वाले महान योद्धा के रूप में याद करते हुए उनके योगदान का उल्लेख किया।

13 नवंबर तक लागू है प्रतिबंधात्मक आदेश

जिला प्रशासन ने हाल ही में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से 13 नवंबर तक रैली, जुलूस, धरना-प्रदर्शन, पदयात्रा और अन्य बड़े आयोजनों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। आदेश में पूर्व में हुई जातिगत और सामुदायिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता बताई गई थी। इसके बावजूद गुर्जर समाज की रैली निर्धारित मार्ग से निकाली गई।

एसपी कार्यालय के सामने से गुजरा काफिला, उठे सवाल

रैली के दौरान शामिल वाहन नेशनल हाईवे से होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से भी गुजरे। मौके पर पुलिस की मौजूदगी रही और सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस वाहन भी रैली के साथ चलते दिखाई दिए। प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने के बावजूद रैली निकलने से प्रशासनिक व्यवस्था और आदेशों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

अब निगाहें जिला प्रशासन पर हैं कि आदेश के उल्लंघन के मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से क्या स्पष्टीकरण सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *