ग्वालियर में आधी रात को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान छोटू राजावत के रूप में हुई है। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित एलएनआईपीई के सामने रेसकोर्स रोड की बताई जा रही है। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शराब पार्टी से लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार छोटू राजावत अपने चार दोस्तों के साथ सिरोल क्षेत्र से शराब पार्टी कर घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि छोटू नितेश परमार के साथ एक बाइक पर सवार था, जबकि उसके अन्य तीन दोस्त दूसरी बाइक पर चल रहे थे।
इसी दौरान रेसकोर्स रोड पर तीन बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों की संख्या 8 से 9 के बीच थी और सभी हथियारों से लैस थे।
बाइक से खींचकर की फायरिंग
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने छोटू राजावत को बाइक से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे निशाना बनाकर गोलीबारी की गई। गंभीर रूप से घायल छोटू की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के पीछे गैंगस्टर भोला सिकरवार हत्याकांड में मुखबिरी के संदेह को वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कई आरोपियों के नाम सामने आए
प्रारंभिक जानकारी में राजवीर चौहान, रानू सिकरवार, हेमू सिकरवार, दिन्नू सिकरवार, अजीत तोमर समेत अन्य लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।