भडराना में पंचायत उपचुनाव के लिए शांतिपूर्ण मतदान जारी, 1940 मतदाता करेंगे मतदान

तीन मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की आवाजाही

बंडा। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत ग्राम भडराना में मंगलवार सुबह से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। गांव में मतदान के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1940 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान शुरू होने के बाद से ही केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है और लोग उत्साह के साथ मतदान करने पहुंच रहे हैं।

पूजा अहिरवार और नरेश आठिया के बीच मुकाबला

उपचुनाव में सुश्री पूजा अहिरवार गिलास चुनाव चिन्ह और श्री नरेश आठिया चश्मा चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर गांव में चुनावी गतिविधियां बनी हुई हैं। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

पुलिस बल तैनात, अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी

मतदान केंद्रों की व्यवस्था पर तहसीलदार एवं रिटर्निंग अधिकारी मोहित जैन के साथ सेक्टर अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट हरीश लालवानी और ज्योति वर्मा नजर रख रहे हैं। थाना प्रभारी आनंद सिंह और उप निरीक्षक रामू प्रजापति सहित पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहा है। मतदान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उपचुनाव के मद्देनजर मतदान क्षेत्र में मंगलवार को अवकाश भी घोषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *