अनूपपुर में युवक ने परिवार पर किया हमला, मां समेत चार की मौत, कई घायल

अनूपपुर जिले के ग्राम अमोदा में शनिवार सुबह एक युवक ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर डंडे से हमला कर दिया। घटना में उसकी 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई गोंड, 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड, 50 वर्षीय मां अनूपिया बाई और ममेरी बहन की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि युवक प्रेम सिंह गोंड कुछ समय से अपनी मां के साथ नाना-नानी के घर रह रहा था। शुक्रवार रात उसने गांव के 62 वर्षीय मंदिर पुजारी गंगा सिंह पर भी डंडे से हमला किया था। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे उसकी मां ने उसे शांत देखकर रस्सियां खोल दीं। इसके बाद उसने परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।

नाना-नानी और मां पर किया हमला, कई लोग घायल

रस्सी खुलने के बाद प्रेम सिंह ने अपनी नानी भन्नी बाई पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे नाना संपत सिंह को भी उसने डंडे से पीटा। मां अनूपिया बाई भी बचाने पहुंचीं तो उन पर भी हमला कर दिया गया। इसके बाद युवक ने अपने मामा और उनकी तीन बेटियों पर भी हमला किया।

हमले में कई लोग घायल हुए। सभी को इलाज के लिए शहडोल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। वहां मोनिका की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल चैन सिंह के हाथ में फ्रैक्चर और सिर में चोट बताई गई है, जबकि बच्ची भारती की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया है।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, मानसिक स्थिति को लेकर जांच

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रेम सिंह को पकड़कर दोबारा रस्सी से बांध दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने प्रेम सिंह को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया है। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी हो चुकी थी और वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसके बाद करीब तीन साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। घटना की परिस्थितियों और पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *