एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के प्रयासों से शुरू हुई सुविधा, जनप्रतिनिधियों ने मशीनों पर व्यायाम कर दिया फिटनेस का संदेश
बड़वानी। पुलिसकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन बड़वानी में अत्याधुनिक पुलिस जिम की शुरुआत की गई। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्रसिंह पटेल सहित जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर जिम का उद्घाटन किया। इस पहल में एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के प्रयास महत्वपूर्ण रहे।
डीआईजी और एसपी की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन
पुलिस लाइन में आयोजित उद्घाटन समारोह में खरगोन-निमाड़ रेंज की डीआईजी सिमाला प्रसाद और बड़वानी एसपी पद्मविलोचन शुक्ल मौजूद रहे। इस दौरान सांसद गजेंद्रसिंह पटेल और बड़वानी विधायक राजन मंडलोई ने जिम में लगी मशीनों पर व्यायाम किया और लोगों को नियमित कसरत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
नियमित व्यायाम को बताया जरूरी
सांसद गजेंद्रसिंह पटेल और विधायक राजन मंडलोई ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम आवश्यक है। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए लोगों को अपनी दिनचर्या में कसरत को शामिल करना चाहिए।
हर आयुवर्ग के लोगों को व्यायाम की सलाह
डीआईजी सिमाला प्रसाद ने कहा कि हर आयुवर्ग के लोगों को व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित व्यायाम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद मिलती है।
समारोह में अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक शैफाली तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस लाइन में अत्याधुनिक जिम की शुरुआत को पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और फिटनेस की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।