छतरपुर। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में जर्जर दीवार और कच्चा मकान ढहने से दो बुजुर्गों की मौत हो गई। वहीं, मलबे में दबने से तीन बच्चे घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
खेत जाते समय बुजुर्ग पर गिरी जर्जर दीवार
पहला हादसा गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के सिंदूरकी गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि 70 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद राजपूत खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक जर्जर मकान की दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मलबे की चपेट में आने से तीन बच्चे घायल हो गए।
दो दिन की बारिश में ढह गया कच्चा मकान
दूसरी घटना बिजावर थाना क्षेत्र के धरमपुरा पहलेपुरा गांव की है। यहां पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय 90 वर्षीय कालिया बाई घर के अंदर सो रही थीं। मलबे में दबने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, बारिश से बढ़ा हादसों का खतरा
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार बारिश के चलते जिले के कई इलाकों में जर्जर मकानों और दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है।