डबरा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पिछोर, गिजौर्रा थाना और टेकनपुर चौकी की संयुक्त टीम ने चिरुली गांव में दबिश देकर अवैध शराब बनाने के ठिकाने का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 90 लीटर अवैध जहरीली शराब जब्त की और बड़ी मात्रा में शराब बनाने के लिए तैयार गुडलहन को नष्ट किया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिरुली गांव के ताल की पार पर अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पिछोर, गिजौर्रा और टेकनपुर चौकी की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान वहां शराब बनाने का काम चलता मिला। टीम ने मौके से तैयार अवैध शराब बरामद करने के साथ शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को भी नष्ट कर दिया।
2 हजार लीटर गुडलहन किया गया नष्ट
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 2 हजार लीटर गुडलहन नष्ट किया। यह सामग्री कच्ची शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जा रही थी। पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के ठिकाने को भी ध्वस्त करने की कार्रवाई की।
इसके अलावा मौके से लगभग 90 लीटर अवैध जहरीली कच्ची शराब जब्त की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान माइकल उर्फ प्रताप, रामू बाल्मीक और वीरू बाल्मीक के रूप में हुई है।
पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब के निर्माण और सप्लाई में इनके साथ और कौन लोग जुड़े हुए हैं।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
संयुक्त पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Read This: रायसेन जिला जेल में गोलीबारी: जेल में कट्टा पहुंचाने की पूरी प्लानिंग का खुलासा