रतनगढ़ लख्खी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम

Datia

By: Ravindra Singh

दतिया। रतनगढ़ माता मंदिर में दीपावली दौज के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध लख्खी मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के आयोजन से पहले बुधवार को चंबल रेंज के डीआईजी सुनील कुमार जैन, कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, सिंध नदी के घाटों और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।

350 एकड़ में 22 पार्किंग स्थल, 50 किलोमीटर तक होगी रोशनी की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में करीब 350 एकड़ भूमि पर 22 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। वहीं, लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में प्रकाश व्यवस्था की गई है। सुरक्षा निगरानी के लिए दो सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। सिंध नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर एक किलोमीटर लंबा सुरक्षा जाल लगाया गया है। इसके अलावा नदी में चार मोटरबोट और विशेष बचाव दल तैनात रहेंगे। माता रानी और कुँवर बाबा महाराज के दर्शन के लिए अलग-अलग विशेष मार्ग बनाए गए हैं। बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक एक किलोमीटर पर एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी।

2500 अधिकारी-कर्मचारी और 3000 पुलिस जवान संभालेंगे मोर्चा

मेले में कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनाए रखने के लिए बड़े स्तर पर बल तैनात किया गया है। प्रशासन के अनुसार, करीब 2500 अधिकारी-कर्मचारी और 3000 पुलिस जवान विभिन्न जिम्मेदारियां संभालेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 9 नवंबर को दोपहर 12 बजे के बाद बसई मलिक से आगे नो व्हीकल जोन लागू रहेगा। इस दौरान डबल ट्रॉली वाले ट्रैक्टर और ओवरलोड वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के साथ मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित करना है।

Also Read: 5 नवंबर 2026 राशिफल: वृषभ, मिथुन और धनु राशि वालों के लिए सफलता के योग, तुला-मकर को रहना होगा सतर्क

One thought on “रतनगढ़ लख्खी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *