ग्वालियर में पुलिस कस्टडी से हथकड़ी सहित फरार हुआ चोरी का आरोपी, रिश्तेदार के फ्लैट पर सोते रह गए जवान

ग्वालियर में इलाज कराने लाया गया चोरी का आरोपी पुलिस कस्टडी से हथकड़ी सहित फरार हो गया। बताया गया कि छतरपुर पुलिस के जवान आरोपी को हाथ में चोट लगने के बाद इलाज के लिए ग्वालियर लेकर आए थे। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर उसे थाने ले जाने के बजाय एक पुलिसकर्मी के रिश्तेदार के फ्लैट पर ले जाया गया। वहां पुलिसकर्मियों के सोने के दौरान आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

तड़के चार बजे ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे पुलिसकर्मी

जानकारी के अनुसार, छतरपुर पुलिस में पदस्थ आरक्षक विजय यादव, शुभम शर्मा और संदीप चोरी के आरोप में पकड़े गए बंदी सन्नी पाल (30), निवासी उत्तराखंड, को हाथ में चोट के इलाज के लिए ग्वालियर लाए थे। पुलिसकर्मी तड़के करीब चार बजे उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे।

थाने के बजाय लोटस विला के फ्लैट पर ले गए बंदी

बताया गया कि इलाज नहीं होने के बाद बंदी को नजदीकी थाने में सुरक्षित रखने के बजाय आरक्षक शुभम शर्मा अपने साथियों के साथ उसे अपने भाई गौरव शर्मा के लोटस विला स्थित फ्लैट पर ले गए। वहां सभी सो गए। सुबह करीब सात बजे जब पुलिसकर्मियों की नींद खुली, तो सन्नी पाल गायब था। मौके पर हथकड़ी मौजूद मिली।

होटल में खाना खिलाने का वीडियो भी आया सामने

जानकारी के मुताबिक, फ्लैट पर जाने से पहले पुलिसकर्मी बंदी को एक होटल में भी ले गए थे, जहां उसे खाना खिलाया गया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी होटल में खाना खाता दिखाई दे रहा है। बताया गया कि होटल में भोजन करने के बाद पुलिसकर्मी बंदी को लेकर फ्लैट पर पहुंचे थे।

सुरक्षा गार्ड ने आरोपी को बाहर जाते देखा

सुबह बंदी के गायब मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई और पुलिसकर्मी विश्वविद्यालय थाने पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई। लोटस विला में तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने भी आरोपी को परिसर से बाहर जाते देखने की बात कही है।

फरार बंदी की तलाश में जुटी पुलिस

विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने हथकड़ी सहित फरार हुए सन्नी पाल की तलाश शुरू कर दी है। घटना में पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी को पकड़ने के प्रयास कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

One thought on “ग्वालियर में पुलिस कस्टडी से हथकड़ी सहित फरार हुआ चोरी का आरोपी, रिश्तेदार के फ्लैट पर सोते रह गए जवान”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *