By: Ravindra Singh
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नवरात्रि मेले के दौरान शीतला माता मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं पर चढ़ गया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं, युवा और नाबालिग शामिल हैं। घायलों में दो होमगार्ड जवान भी बताए गए हैं। सात घायलों की हालत गंभीर है। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान चलाया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चीनौर रोड की ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सातउं गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर के पास चीनौर रोड पर हुआ। नवरात्रि के चलते मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान धान से भरा ट्रक ढलान वाले रास्ते पर अचानक आगे बढ़ने लगा। ट्रक ने सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं और किनारे लगी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद वह मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए। अचानक हुई घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद शुरू की और पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी।
हाइड्रा की मदद से चलाया गया बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत अभियान के दौरान हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटाया गया और उसके नीचे तथा मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मंदिर में दर्शन करने आए मेडिकल कॉलेज के कुछ विद्यार्थियों ने भी घायलों की सहायता की और उपलब्ध दवाइयों तथा संसाधनों से प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया।
घायलों को जयारोग्य अस्पताल के शासकीय ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। मृतकों के परिजन भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
प्रशासन ने 11 मृतकों की पहचान की
प्रशासन के अनुसार, हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। जारी सूची में 11 मृतकों की पहचान की गई है, जबकि अन्य की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
पहचाने गए मृतकों में सतेन्द्र सिंह गुर्जर (22), निवासी महलगांव; सरला तोमर (50), निवासी हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुढ़ा-गुढ़ी का नाका; गौरव परिहार (18), निवासी बड़ागांव, खुरैरी; महेश शर्मा (45), निवासी सहसराम गसवानी, जिला श्योपुर; विमलेश (18), निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी; देवेश बघेल (17), निवासी मावटा, भितरवार; प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16), निवासी ठाठीपुर, चौहान प्याऊ, गल्ला कोठार; शौर्य शर्मा (15), निवासी सहसराम, जिला श्योपुर; हेमंत राठौर, निवासी शिवनगर गदाईपुरा; दिव्यांश कुशवाह (17), निवासी महेशपुरा, सिकंदर कम्पू; और पवन राठौर (23), निवासी गदाईपुरा, हजीरा शामिल हैं।
ट्रक के अचानक आगे बढ़ने की जांच
प्रारंभिक जानकारी में ट्रक पर पंजाब आरटीओ का पास होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि ढलान पर खड़े ट्रक का प्रेशर रिलीज होने के कारण वह अचानक आगे बढ़ गया। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्यों तथा घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर के निर्देश पर हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषित की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला घायलों का हाल जानने जयारोग्य अस्पताल पहुंचे। ग्वालियर के सांसद भरत सिंह कुशवाहा ने भी अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मंत्रियों ने चिकित्सकों से इलाज की जानकारी लेकर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
ग्वालियर हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
हादसे के बाद प्रशासन का ध्यान घायलों के उपचार, मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच पर केंद्रित है। जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि ढलान पर ट्रक के अचानक आगे बढ़ने और इतने बड़े हादसे के पीछे क्या वजह थी।
Also Read: छह महीने तक के शिशुओं के आहार पर FSSAI सख्त, चीनी और फ्रुक्टोज पर प्रतिबंध का प्रस्ताव
One thought on “ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास भीषण हादसा, 15 श्रद्धालुओं की मौत, 26 घायल”