मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भोपाल के हबीबगंज थाने के भीतर घुसकर एक कुख्यात निगरानीशुदा बदमाश और उसके साथियों ने जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने थाने के अंदर ही एक पुलिसकर्मी के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसकी वर्दी भी फाड़ डाली। इस सनसनीखेज घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हबीबगंज थाना क्षेत्र के साईं बाबा नगर मल्टी में किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्ष अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, जहाँ पुलिसकर्मी दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज करने की कानूनी कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान, मारपीट के एक मामले में एक पक्ष की तरफ से पैरवी करने के लिए निगरानीशुदा बदमाश बंटी राय उर्फ ‘लड्डू’ अपने 5 अन्य साथियों के साथ थाने में आ धमका।
थानि-परिसर के भीतर ही बदमाश बंटी राय ने विरोधी पक्ष को धमकाना शुरू कर दिया। जब ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोका और शांत रहने को कहा, तो आरोपी पुलिस पर ही भड़क गया। बात इतनी बढ़ गई कि बदमाश ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपी ने एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी और गुस्से में उसकी वर्दी तक फाड़ डाली। थाने के अंदर हुई इस अभद्रता और हंगामे से वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 6 आरोपियों को दबोचा
थाने के भीतर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और वर्दी फाड़े जाने की इस गंभीर घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। हबीबगंज पुलिस ने मुख्य आरोपी बंटी राय उर्फ लड्डू समेत कुल 6 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इन सभी के खिलाफ सख्त वैधानिक और आपराधिक धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है।