खरगोन जिले के कसरावद में जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 19 के उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी भारत यादव ने 4075 मतों से बढ़त हासिल करते हुए जीत दर्ज की। 14 राउंड तक चली मतगणना में भारत यादव लगातार आगे रहे, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी योगेश यादव किसी भी राउंड में बढ़त नहीं बना सके। वार्ड क्रमांक 19 में भारत यादव, योगेश यादव और निर्दलीय राजाराम खांडे चुनाव मैदान में थे।
परिणाम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह
कसरावद स्थित मतगणना स्थल पर सुबह से ही प्रत्याशियों और समर्थकों की नजर परिणाम पर बनी रही। मतगणना पूरी होने के बाद भारत यादव के समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया। भारत यादव ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। वहीं कसरावद विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने भी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
जय स्तंभ चौराहे से निकाला विजय जुलूस
मतगणना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इसके बाद जय स्तंभ चौराहे से कांग्रेस कार्यालय तक विजय जुलूस निकाला गया। ढोल-ताशों और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 19 के उपचुनाव में भारत यादव के पक्ष में आए मतगणना परिणाम के बाद क्षेत्र में उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।