कॉलेज की पुरानी रंजिश में छात्रों पर हमला! ओवरब्रिज पर बस रुकवाकर मारपीट, पथराव से मचा हड़कंप

Morena

By: Ravindra Singh

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में कॉलेज के छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद अब सड़क तक पहुंच गया। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज की बस को वैरियर चौराहे के ओवरब्रिज पर रोककर छात्रों के साथ मारपीट और पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। आरोप है कि 4 से 5 लोगों ने बस को जबरन रुकवाया और उसमें सवार छात्रों पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कॉलेज में मुरैना और धौलपुर के छात्रों के बीच हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज में पढ़ने वाले मुरैना और धौलपुर के इंजीनियरिंग छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कॉलेज परिसर में शुरू हुई कहासुनी और झड़प के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते बुधवार सुबह धौलपुर से छात्रों को लेकर मुरैना आ रही कॉलेज बस को निशाना बनाया गया। आशंका जताई जा रही है कि कॉलेज में हुए विवाद का बदला लेने के लिए बस को रास्ते में रोका गया।

वैरियर चौराहे के ओवरब्रिज पर बस रुकवाकर मारपीट और पथराव

घटना मुरैना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित वैरियर चौराहे के ओवरब्रिज की है। बताया जा रहा है कि बस जैसे ही ओवरब्रिज पर पहुंची, वहां मौजूद 4 से 5 लोगों ने उसे रुकवा लिया। इसके बाद आरोपियों ने बस में बैठे छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान बस पर पत्थर भी फेंके गए, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। हमला करने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस में सवार छात्र घबरा गए।

आक्रोशित छात्र पहुंचे कोतवाली थाना, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

बस में हुई मारपीट और पथराव की घटना के बाद छात्रों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित होकर शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंच गए। छात्रों ने पुलिस से हमला करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

फिलहाल खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी। अब पुलिस जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Also Read: छतरपुर की अनूठी घटना: न्याय की आस में घायल बकरी को गोद में उठाकर एसपी दफ्तर पहुंच गया मालिक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *