मुरैना में कांग्रेस का दो दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर संपन्न, जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी जीत के मंत्र

Morena

By: Ravindra Singh

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए दो दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। रविवार को शहनाई रिसोर्ट में संपन्न हुए इस शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में मुरैना और श्योपुर जिले के ब्लॉक, मंडल एवं नगर अध्यक्षों सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

शिविर के दौरान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

हरीश चौधरी बोले- देश को बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे आना होगा

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के मौजूदा हालात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती जनता के विश्वास पर निर्भर करती है।

उन्होंने पदाधिकारियों से गांवों, कस्बों और शहरों में आम लोगों के बीच पहुंचकर संवाद करने की अपील की। साथ ही कहा कि कांग्रेस को जनता के बीच यह विश्वास कायम करना होगा कि पार्टी हमेशा आम नागरिकों के हितों और अधिकारों के लिए खड़ी रही है और आगे भी जनता के साथ रहेगी।

जीतू पटवारी ने समझाई संगठन की ताकत, चुनावी तैयारी पर दिया जोर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रशिक्षण शिविर में पार्टी पदाधिकारियों को संगठन के प्रति उनकी जवाबदेही समझाई। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े फैसलों में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

पटवारी ने संगठन सृजन अभियान को पार्टी की जड़ों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन को नई मजबूती मिल सकती है। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनावों में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए पदाधिकारियों को जरूरी रणनीतिक सुझाव और जीत के मंत्र भी दिए।

वहीं, संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने संगठन की कार्यप्रणाली और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठनात्मक गतिविधियों में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और जरूरत पड़ने पर उन्हें पद से हटाया भी जा सकता है।

मतदाता सूची और संगठन विस्तार का प्रशिक्षण, पदाधिकारियों को मिले प्रमाण पत्र

प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रभारी ललित सेन और मतदाता सूची के सह-प्रभारी प्रमिल मित्र ने भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के तरीके बताए।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर को कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे संगठन के कामकाज और आधुनिक कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिलेगी। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र जाटव ने अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए।

शिविर के समापन पर प्रशिक्षण देने वाले विशेषज्ञों और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र शर्मा, रामकिंकर गुर्जर, विधायक दिनेश गुर्जर, विधायक पंकज उपाध्याय, विधायक देवेंद्र सखवार, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतपाल सिंह सिकरवार, शैलेंद्र गुर्जर, श्योपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मांगीलाल फौजी, अतुल चौहान, भगवान सिंह तोमर, लोकेंद्र यादव, कुलदीप यादव, प्रवक्ता हरीश पाठक, संजीव कुशवाह, जितेंद्र सिंह डंगस और सुभाष सिंह सिकरवार सहित मुरैना और श्योपुर के कई कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: दतिया में तेज रफ्तार कार पलटने से मचा हड़कंप, हादसे में आर्मी जवान बाल-बाल बचा

One thought on “मुरैना में कांग्रेस का दो दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर संपन्न, जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी जीत के मंत्र”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *