By: Ravindra Singh
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना पुलिस ने पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारकर नशे के 2856 इंजेक्शन बरामद किए हैं। जब्त इंजेक्शनों की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आगरा से इंजेक्शन खरीदकर मुरैना में उनकी सप्लाई करते थे।
किराए के मकान में जमा कर रखे थे हजारों इंजेक्शन
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए का मकान लेकर उसे नशे के इंजेक्शनों के भंडारण का ठिकाना बना रखा था। यहां बड़ी मात्रा में इंजेक्शन रखे जाते थे और फिर उन्हें मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ-साथ सीधे युवाओं को भी बेचा जाता था।
आरोपियों की पहचान मयंक गुप्ता, अनिल उर्फ बॉबी गुप्ता और ईशान वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी आगरा से इंजेक्शन खरीदकर मुरैना लाते थे और उन्हें दो से तीन गुना अधिक कीमत पर बेचते थे। बताया जा रहा है कि 100 रुपये में खरीदे गए इंजेक्शन को 200 से 300 रुपये तक में बेचा जाता था।
पांच कंपनियों के 2856 इंजेक्शन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच कंपनियों के कुल 2856 इंजेक्शन जब्त किए हैं। इनमें Mephetermine के 1060, Termine के 470, Terminde के 336, Mepho के 330 और Mephro के 560 इंजेक्शन शामिल हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये आंकी गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया को क्षेत्र में अवैध इंजेक्शनों की बिक्री की सूचना मिल रही थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने पूरे मामले की पुष्टि के लिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर छापेमारी की योजना तैयार की।
मुखबिर को ग्राहक बनाकर भेजा, तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए मुखबिर को ग्राहक बनाकर उनके पास भेजा। मुखबिर ने जब इंजेक्शन खरीदने के लिए संपर्क किया और आरोपियों ने उसे Termine इंजेक्शन दिया, तभी आसपास सिविल ड्रेस में तैनात पुलिसकर्मियों ने दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया।
टीआई अमित भदौरिया के मुताबिक, आरोपी बिना वैध लाइसेंस के इंजेक्शनों की खरीद-बिक्री कर रहे थे। इन इंजेक्शनों का इस्तेमाल कुछ युवा नशे के लिए और कुछ लोग वर्कआउट क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से करते हैं। पुलिस ने इंजेक्शन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आगरा से होने वाली सप्लाई के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
Also Read: मध्य प्रदेश के नए डीजीपी की तलाश: 20 नवंबर को UPSC की अहम बैठक, रेस में 3 वरिष्ठ IPS अफसर